शहर की सड़कें जल्द ही एलईडी की रोशनी से जगमगाएंगी। नगरपालिका की ओर से शहर के टैक्सी स्टैंडों में यात्रियों की सुविधा के लिए टिनशेड बनाए जाएंगे। साथ ही यात्रियों को साफ पानी उपलब्ध कराने के लिए सभी स्टेंडों में वाटर प्यूरिफायर लगाए जाएंगे। पालिका शहर के जीर्णशीर्ण चिल्ड्रन पार्क का सुधार करने के साथ ही वाहन पार्किंग का निर्माण भी करेगी। नगरपालिका की बोर्ड बैठक में इन प्रस्तावों को पारित किया गया है।
नगरपालिका सभागार में अध्यक्ष गीता रावल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सबसे पहले जीर्णशीर्ण हाल में पड़े चिल्ड्रन पार्क का सुधार कर भूतल में पार्किंग और प्रथम तल में बच्चों के लिए पार्क का निर्माण करने का प्रस्ताव पारित किया गया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि शहर की भौगोलिक स्थिति व स्थान की कमी के कारण चिल्ड्रन पार्क के साथ ही वाहन पार्किंग का निर्माण भी प्रस्तावित किया गया है। इससे नगर की जनता को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बच्चा पार्क में सुरक्षा का ध्यान रखते हुए खेल सुविधाओं से युक्त, बेहतर बनाया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने 14वें वित्त से स्वीकृत 40.65 लाख रुपये की धनराशि से शहर की सड़कों में एलईडी लाइटें लगाने, नगर के गरुड़, कांडा सहित अन्य टैक्सी स्टेंडों में यात्रियों की सुविधा के लिए टिनशेड बनाने और सभी स्टेंडों में पीने के पानी के लिए प्यूरिफायर लगाने का प्रस्ताव रखा। इन सभी प्रस्तावों को बोर्ड में मंजूरी मिल गई। बैठक में सभासद प्रकाश जोशी, नवीन साह, पुनीत साह, तारा साह, नागेश्वरी जोशी, दीप जोशी, नंदी परिहार, ईओ ईश्वर सिंह रावत आदि थे।