सुदूरवर्ती सोराग गांव में कुछ दिनों से वायरल बुखार का प्रकोप चल रहा है। यहां तकरीबन 30 लोग बीमार हैं। कुछ लोगों ने यहां जिला मुख्यालय आकर उपचार कराया। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में डाक्टरों की टीम भेजने की मांग की है।
सोराग निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक दीवान सिंह दानू ने बताया कि गांव में लगभग 10 दिनों से बुखार का प्रकोप चल रहा है। खांसी और जुकाम के साथ लोगों को बुखार बढ़ रहा है। अभी तक विभिन्न आयु के लगभग 30 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। लोग स्थानीय स्तर पर ही उपचार करा रहे हैं। बुखार से पीड़ित लोगों में प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले आठ बच्चे भी शामिल हैं। दिव्यांशु, रोशनी और गोलू ने बागेश्वर आकर एक निजी क्लीनिक में इलाज कराया। उन्होंने बताया कि सोराग क्षेत्र में अस्पताल नहीं है। बदियाकोट स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल 10 किमी., कर्मी स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल 15 किमी और कपकोट स्थित सामुदायिक केंद्र 35 किमी की दूरी पर है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी को सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों ने वहां शिविर लगाकर उपचार करने की मांग की है।