बागेश्वर के कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते सिया के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मंजूर रेखोली सड़क का निर्माण सिया गांव तक न होने से आक्रोशित सिया के ग्रामीणों ने सोमवार को नारेेबाजी के साथ कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर मांग शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
कलक्ट्रेट प्रांगण में सिया के ग्रामीणों ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत गांव के लिए साढ़े छह किमी लंबी सड़क मंजूर हुई। सड़क का एक बड़ा हिस्सा काट दिया है। इसके बावजूद भी सड़क उनके गांव तक नहीं पहुंच सकी है। उनका गांव अनुसूचित जाति बाहुल्य है। गांव तक सड़क बनाने की कई बार मांग कर दी है लेकिन निर्माण के नाम पर विभाग पिछले तीन महीने से उन्हें धोखे में रख रहा है। संबंधित ठेकेदार का कहना है सड़क जितनी मंजूर थी उतनी उसने काट दी है। उन्होंने डीएम से स्थलीय निरीक्षण कर उनके गांव को सड़क से जल्द जोड़ा जाए। अन्यथा की स्थिति में उन्हें आंदोलन की शरण लेनी पड़ेगी। प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में गणेश लाल, रमेेश लाल, सुरेश लाल और जोगा राम आदि शामिल थे। डीएम रंजना राजगुरु ने कहा कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्यवाई की जाएगी।