बागेश्वर। पंजीकृत श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा देय लाभ दिए जाने की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ का एक शिष्टमंडल सोमवार को डीएम से मिला। मजदूरों ने बताया कि उन्हें शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।
कहा कि पंजीकृत मजदूरों के बच्चों को स्वीकृत छात्रवृत्ति विगत एक साल से नहीं मिली है। श्रमिकों को मरणोपरांत देय भी नहीं मिल रहे हैं। टूल किट, मशीन, सोलर लालटेन सहित अन्य सुविधाएं भी विगत 2016 से नहीं मिली हैं। वर्ष 2017 में पंजीकरण के बाद भी कार्ड वितरण नहीं किया जा रहा है। मजदूर संघ ने चेतावनी दी कि यदि मजदूरों को प्रदत्त सुविधाओं का लाभ नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। डीएम ने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। शिष्टमंडल में जिला महामंत्री धीरज जोशी, गणेश सिंह बोरा, विशन दत्त भट्ट, दर्वान सिंह, इंदिरा मेहरा आदि शामिल थे।