जनपद में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। बागनाथ मंदिर समेत कई जगहों पर महोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
शहर के राधाकृष्ण मंदिर सुबह से लेकर देर रात तक गुलजार रहा। मंदिर में दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। बागनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी नंदन सिंह रावल ने महोत्सव का शुभारंभ किया। पुजारी गणेश जोशी और पूरन जोशी ने पूजा संपन्न कराई। जीवन तिवारी, मनोज बचखेती, मदन डालाकोटी, दीपू चौधरी, पुनीत साह, अमित साह आदि थे। ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, कपकोट के एंजेल एकेडमी में मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। वहां प्रबंधक भारत सिंह गढ़िया, सचिव कमला गढ़िया, प्रधानाचार्य बीसी पंत, लक्ष्मी टाकुली, उमेश जोशी आदि थे। चौगांवछीना के मुरली उडियार में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
कपकोट के काशिलदेव स्थित राधाकृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना के बाद रामलीला मैदान से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पंडित चंद्रशेखर जोशी ने गीता पाठ किया। वहां प्रबंधक मान सिंह कपकोटी, प्रधान पूरन कपकोटी, बीडीसी सदस्य तारा कपकोटी, आजाद कपकोटी, वदीवान भंडारी, दीवान मेहता, राजू कपकोटी आदि थे। भराड़ी के बाराही मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कौसानी के द्वारिकाधीश मंदिर में में केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा और जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने महोत्सव का शुभारंभ किया। मंदिर विकास के लिए टम्टा ने सवा दो लाख जबकि आर्या ने दो लाख देने की घोषणा की। यहां मंदिर महंत हरि गिरी, विशंभर गिरी, पूर्व विधायक कपकोट ललित फर्स्वाण, गोपाल भट्ट, भरत फर्स्वाण, मोहन सिंह मेहरा, बालम भाकुनी, राजेंद्र कैड़ा, आदि थे। कांडा के कालिका मंदिर, धौलीनाग, गोपेश्वर महादेव में भी विशेष पूजा पाठ हुई। गरुड़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। बैजनाथ, कोट भ्रामरी मंदिर में बच्चों व मटेना में ग्रामीणों ने श्रीकृष्ण की बाल लीला का मंचन किया।
नगर में पांच को मटकी फोड़ प्रतियोगिता
बागेश्वर। नगर में पांच सितंबर को स्टेशन रोड, पाल बाजार, तहसील रोड, दुग बाजार, चौक बाजार, जिला पंचायत गेट के पास दही हांडी फोड़ो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने इसकी तैयारी शुुरू कर दी हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमें भी अभ्यास में जुट गई हैं। बिलौना में सोमवार को मटकी फोटो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।