बागेश्वर। डॉक्टरों की कमी झेल रहे बागेश्वर जिले के लिए अच्छी खबर है कि जिले में बीते तीन माह में सात डॉक्टरों ने कार्यभार ग्रहण किया है। जिला अस्पताल में ईएनटी सर्जन की भी तैनाती हो गई है। इनमें से पांच चिकित्सकों ने दूरस्थ क्षेत्रों में तैनाती दी है।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नवंबर में कौसानी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. ताहिर सलीम ने कार्यभार ग्रहण किया। नवंबर माह में ही डॉ. शिवांगी वैश्य ने टीबी क्लीनिक में कार्यभार ग्रहण किया। डॉ. ज्योति यादव ने सीएचसी कपकोट में कार्यभार ग्रहण किया। जनवरी मध्य में संविदा बांड पर तैनात डॉ. नीरज कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वज्यूला में कार्यभार ग्रहण किया। संविदा बांड पर तैनात डॉ. चंद्रेश सिंह मर्तोलिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाली में कार्यभार ग्रहण किया। संविदा बांड पर तैनात डॉ. मीनाक्षी टम्टा ने सीएचसी कांडा में कार्यभार ग्रहण किया। जिला अस्पताल में हाल में ईएनटी सर्जन डॉ. लवि गुप्ता ने कार्यभार ग्रहण किया है। ईएनटी सर्जन का पद कई साल से रिक्त था। सात डॉक्टरों की तैनाती से कुछ हद तक स्वास्थ्य सुविधा में सुधार हुआ है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों के आठ पद रिक्त
बागेश्वर। बागेश्वर जिले में डॉक्टरों के 107 पद सृजित हैं। इसके सापेक्ष 82 ही डॉक्टर कार्यरत हैं। जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी बनी हुई है। जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों के 21 पदों के सापेक्ष 13 विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात हैं। आईसीयू यूनिट में विशेषज्ञ चिकित्सकों के दोनों पद रिक्त हैं। सीएचसी कांडा और कपकोट में विशेषज्ञ चिकित्सकों के 6-6 पद सृजित हैं। सभी पद रिक्त हैं। सीएचसी बैजनाथ में विशेषज्ञ चिकित्सकों के 6 पद के सापेक्ष 3 कार्यरत हैं।
10 चिकित्सक अनुपस्थित, दो ने दिया त्यागपत्र, 14 डॉक्टर कर रहे पीजी कोर्स
बागेश्वर। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में कोढ़ में खाज वाली बात यह है कि जिले में कार्यरत 10 चिकित्सक लंबे समय से बगैर अवकाश के अनुपस्थित चल रहे हैं। दो चिकित्सकों ने त्यागपत्र दे दिया है। 14 डॉक्टर पीजी की पढ़ाई कर रहे हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए स्वास्थ्य निदेशालय से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। अनुपस्थित चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निदेशालय को लिखा गया है।
डॉ. सुनीता टम्टा सीएमओ बागेश्वर।