विधानसभा चुनावों को देखते हुए सुरक्षा बलों के जवानों का बागेश्वर जिला मुुख्यालय पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। नगर में एसएसबी और पीएसी के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। चुनाव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को एसडीएम श्याम सिंह राणा और पुलिस क्षेत्राधिकारी रायमन सिंह के नेतृत्व में एसएसबी और पीएसी के जवानों ने कोतवाली से फ्लैग मार्च निकाला।
यह फ्लैग मार्च तहसील रोड से होते हुए विकास भवन पहुंचा। इसके बाद नुमाइशखेत होते हुए डिग्री कॉलेज पहुंचा। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि चुनावों में शांति व्यवस्था के लिए फोर्स यहां पहुंच गई हैं। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव के लिए सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर दी हैं। उन्होंने मतदाताओं से निडर होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने को कहा। विधान सभा चुनावों में शांति व्यवस्था के लिए 10 फरवरी तक पूरा पुलिस फोर्स जिले में पहुंच जाएगा। फ्लैग मार्च में कोतवाल टीआर वर्मा भी शामिल थे।