पहली फरवरी को पेश आम बजट ने किसी को भी निराश नहीं किया। टैक्स की सीमा अब तीन लाख रुपए होने से कर्मचारी और व्यापारी भी राहत में हैं। आम बजट से व्यापारी और युवा वर्ग से लेकर आम आदमी भी संतुष्ट नजर आ रहा है। रसोई गैस गृहणियों ने भी बजट की तारीफ की है।
केदार सिंह कोरंगा ने कहा कि व्यवसायियों और कर्मचारियों के लिए बजट अच्छा है। उन्होंने कहा कि अब तीन लाख से नीचे टैक्स नहीं लगने से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहली बार सभी के लिए बजट राहत देने वाला आया है। मंगल सिंह टंगड़िया ने बजट को युवाओं और छात्रों के हित में बताया। उन्होंने कहा कि बजट में शिक्षा और रोजगार के लिए पूरा ध्यान रखा गया है। युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं इस बजट में दिखाई दे रही हैं। व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश सोनी ने व्यापारी वर्ग के लिए इस बजट को अच्छा बताया है। उन्होंने कहा कि खाने पीने की चीजों में कोई टैक्स नहीं है। तंबाकू, सिगरेट सहित अन्य तंबाकू उत्पादों के दाम बढ़े हैं यह अच्छी बात है।
प्रकाश जोशी का कहना है कि आम बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। गैस सस्ती होगी। एक करोड़ बेघरों को आवास मिलेंगे। बजट में सभी के लिए राहत दी गई है। उन्होंने रेल बजट को भी सराहनीय बताया। भावना पांडे गृहणी का कहना है कि खाद्यान्न सहित अन्य रोजमर्रा की जरूरी चीजों में टैक्स नहीं लगाने से सभी के लिए राहत की बात है। सरकार ने बजट में सभी का ध्यान रखा है। रसोई गैस सस्ती होगी तो महीने का बजट नहीं गड़बड़ाएगा।