बागेश्वर। जिले में बहुप्रतीक्षित रोडवेज डिपो की स्थापना से सीमांत क्षेत्रों की परिवहन व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद थी, लेकिन कपकोट क्षेत्र के लोगों को अब भी दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा का इंतजार है। 22 सितंबर 2022 को डिपो अस्तित्व में आने के बावजूद पहले से स्वीकृत दिल्ली-भराड़ी बस सेवा अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
दिल्ली-भराड़ी रूट का परमिट उपलब्ध होने के बावजूद डिपो में बसों तथा चालक-परिचालकों की कमी के कारण इस महत्वपूर्ण सेवा का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे क्षेत्र के प्रवासियों, व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। दिल्ली जाने के लिए लोगों को टैक्सियों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार टैक्सी नहीं मिलने पर पहले जिला मुख्यालय पहुंचना पड़ता है और वहां से दिल्ली की बस पकड़नी पड़ती है।
दिल्ली-भराड़ी रूट के लिए बस सेवा का परमिट हमारे पास उपलब्ध है। डिपो में बसों और चालक-परिचालकों की संख्या बेहद कम है। नई बसों और आवश्यक स्टाफ की मांग उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है। स्वीकृति मिलते ही दिल्ली-भराड़ी बस सेवा को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।
– धर्मानंद जोशी, प्रभारी एआरएम, रोडवेज डिपो