अल्मोड़ा से बागेश्वर पहुंची रोडवेज की बस। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कोरोना महामारी के चलते तीन महीने के बाद सड़क पर चली रोडवेज की बसें सवारियों के लिए तरस गईं। बृहस्पतिवार को पहले दिन एक बस अल्मोड़ा से बागेश्वर और दूसरी बस अल्मोड़ा से वाया बागेश्वर सानिउडियार के लिए संचालित की गई। इन दोनों बसों को केवल तीन-तीन यात्री मिले। इस कारण बस सानिउडियार की नहीं गई।
अल्मोड़ा-सानिउडियार बस के परिचालक दीप जोशी ने बताया कि अल्मोड़ा से वाया गरुड़ सानिउडियार तक चलने वाली बस में अल्मोड़ा से केवल तीन यात्री बैठे। गरुड़ ब्लॉक के लौबांज के पास यात्रियों के उतरने के बाद बस को बिलौना स्थित बस अड्डे तक खाली आना पड़ा। यात्री न मिलने से बस सानिउडियार नहीं जा पाई। उन्होंने बताया कि कोरोना के चलते भी लोग यात्रा से बच रहे हैं। वहीं अल्मोड़ा-बागेश्वर बस के परिचालक चतुर सिंह ने बताया कि अल्मोड़ा से वाया ताकुुला आने वाली बस को अल्मोड़ा से सवारी नहीं मिली। रास्ते से तीन सवारियां मिली। अल्मोड़ा से वाया गरुड़ रूट का किराया बागेश्वर तक 265 रुपये और वाया ताकुला रूट का किराया 250 रुपये है। बागेश्वर के स्टेशन प्रभारी केबी उपाध्याय ने बताया कि 26 जून को वाया ताकुला आने वाली बस अल्मोड़ा से सुबह सात बजे चलेगी। बागेश्वर से अल्मोड़ा के लिए सुबह सात बजे वाया गरुड़ बस जाएगी।