जिले के पालड़ीछीना-जैनकनगाड़छीना मोटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा कर इसका नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महेंद्र सिंह करायत के नाम पर रखे जाने की मांग उठने लगी है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों ने सड़क के साथ ही हाईस्कूल करालापालड़ी का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की है।
डीएम को सौंपे ज्ञापन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत की पत्नी कमला देवी ने कहा है कि पालड़ीछीना, जनौटी पालड़ी, कराला पालड़ी, लौरीगांव, करास, जैनकनगाड़छीना सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर सेनानी महेंद्र सिंह के नाम पर करने की मांग पुरानी है, लेकिन इस मामले में कोरे आश्वासन ही मिले हैं। उनका कहना है कि इस सड़क के निर्माण में प्रयुक्त कृषि भूमि के मुआवजे के तौर पर मिली 75 हजार रुपए की धनराशि सेनानी परिवार करालापालड़ी हाईस्कूल को दान कर चुका है। इसको देखते हुए सड़क के साथ ही हाईस्कूल का नाम भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महेंद्र सिंह के नाम पर किया जाना चाहिए। कमला देवी ने डीएम से शीघ्र इस मामले में अपने स्तर से उचित कार्यवाही की मांग की है।