बागेश्वर के बदियाकोट-बोरबलड़ा सड़क कटान को लगी जेसीबी। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कपकोट के सीमांत गांव बोरबलड़ा के लोगों को इस साल यातायात की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बदियाकोट से बोरबलड़ा के लिए बन रही 25 किमी लंबी सड़क के निर्माण का कार्य जोरशोर से चल रहा है। 26 करोड़ की लागत से बन रही सड़क पर 15 किमी कटान हो चुका है। विभाग ने सितंबर तक अवशेष 10 किमी सड़क कटान का काम पूरा करने की बात कही है। मौसम अनुकूल रहा तो मार्च 2023 तक सड़क में डामरीकरण का कार्य भी करा लिया जाएगा।
बदियाकोट बोरलबड़ा मोटर मार्ग का शिलान्यास पूर्व विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने फरवरी 2021 में किया था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बन रही सड़क पर पहले स्टेज में 14 करोड़ की लागत से कटान और दूसरे स्टेज में 12 करोड़ की लागत से डामरीकरण का कार्य होना है। क्षेत्र में मौसम प्रतिकूल रहने से अक्सर सड़क कटान में दिक्कत आती है। वर्तमान में भी बारिश के कारण लगातार कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके बावजूद विभाग ने आगामी तीन महीने के भीतर अवशेष कटान का कार्य पूरा करने का दावा किया है।
बोरलबड़ा ग्राम पंचायत समडर, भराकांडे और बलड़ा तोक को मिलाकर बनी है। गांव में 65 परिवार रहते हैं और आबादी करीब 350 है। गांव तक वाहन सुविधा नहीं होने से लोगों को 15 किमी की पैदल दूरी तय कर बदियाकोट आना पड़ता है। बीमार, घायल या बुजुर्ग को डोली पर बैठाकर बदियाकोट तक लाने में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गांव में संचार की सुविधा भी नहीं है। सड़क नहीं होने के कारण गांव से लगातार पलायन बढ़ रहा है। पूर्व विधायक भौर्याल ने बीते दिनों निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण में मानक और गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने और समय से कार्य पूरा करवाने को कहा।
उच्च हिमालयी क्षेत्र होने के कारण मौसम निर्माण में चुनौती खड़ी करता है। विभाग ने निर्माण कार्य के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किया है उसी के अनुरूप कार्य हो रहा है। बारिश और बर्फबारी से अधिक खलल नहीं पड़ा तो अगले मार्च तक सड़क निर्माण का काम हरहाल में पूरा करा दिया जाएगा।
अनिल कुमार, अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई कपकोट