बागेश्वर के रिखाड़ी में नशामुक्ति को लेकर जुलूस निकालतीं महिलाएं। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कपकोट के रिखाड़ी ग्राम पंचायत की प्रधान और महिला मंगल दल की सदस्यों ने ग्राम पंचायत को नशामुक्त करने के लिए अभियान छेड़ दिया है। महिला प्रधान और महिला मंगल दल के अभियान को पैरा लीगल वॉलिंटियर का साथ मिला है।
रिखाड़ी की ग्राम प्रधान तारा टाकुली के नेतृत्व में ग्राम पंचायत की महिलाओं ने ग्राम पंचायत में नशे के विरोध में रैली निकाली। ग्राम पंचायत में रैली निकालने के बाद हुई बैठक में ग्राम प्रधान टाकुली ने कहा कि नशे से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। नशे से युवा पीढ़ी को दूर रखने के लिए अभिभावकों को तो जागरूक होना ही होगा, युवाओं को भी अपने भविष्य की चिंता करनी होगी।
विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वॉलिंटियर चंचल राम ने नशे से होने वाली बर्बादी की जानकारी युवाओं को दी। कहा कि नशे के कारण युवाओं की शारीरिक क्षमता प्रभावित हो रही है। उनका जीवन बर्बाद हो रहा है। बैठक में महिलाओं ने संकल्प लिया कि ग्राम पंचायत में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले लोगों को सबक सिखाया जाएगा। रैली में महिला मंगल दल की दुर्गा देवी, सपना, अनीता, रुकमणि देवी, देवकी देवी, चंपा देवी के साथ ही कई युवा शामिल थे।