ऊर्जा निगम के ईई कार्यालय पहुंचे लेटी के ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
लेटी गांव में खराब ट्रांसफार्मर का सुधार नहीं करने से नाराज ग्रामीण ईई कार्यालय धमक गए। एक पखवाड़े से अंधेरे में रह रहे ग्रामीणों ने 20 अप्रैल तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाने पर 21 को विद्युत वितरण खंड के कार्यालय में धरना प्रदर्शन और 22 अप्रैल से आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
मंगलवार को ग्राम प्रधान कमल सिंह के नेतृत्व में ऊर्जा निगम के ईई कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना देने के बाद भी विभाग की ओर से नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा रहा है। इससे उन्हें तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि शाम होते ही जंगली जानवर आबादी में घूमने लगते हैं। बिजली नहीं होने से शाम होते ही ग्रामीण भय महसूस कर रहे हैं। इस दौरान ठाकुर सिंह, देवेंद्र सिंह, गोविंद सिंह, गोपाल सिंह, पान सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश सोनी, हिंजाम की युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष रोहित पंत, कमल परिहार, संजय मनकोटी, देवेंद्र सिंह, दान सिंह, गोपाल, दरबान आदि थे।