बागेश्वर में ईओ को ज्ञापन सौंपते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर के व्यस्ततम चौक बाजार में दोपहिया वाहनों की आवाजाही से व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने नगर पालिका के ईओ को ज्ञापन सौंपकर दिन के समय दोपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रखने की मांग की है।
मंगलवार को सौंपे ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा है कि होली पर्व से पहले तक चौक बाजार का गेट वाहनों के लिए बंद रखा जाता था। इससे दिन के समय व्यापारी, ग्राहकों और राहगीरों को राहत रहती थी लेकिन इस बार गेट बंद नहीं करने से चौक को दोपहिया वाहनों का पार्किंग बना दिया गया है। वाहनों के खड़ा रहने से दुकानों में आवाजाही के लायक भी स्थान नहीं है।
मना करने पर वाहन स्वामियों द्वारा अभद्रता की जाती है। इससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए सभी व्यापारियों ने गेट बंद करने की मांग उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में व्यापारी नेता हरीश सोनी, कुंदन टंगड़िया, अंकुर साह, राजू बिष्ट, निर्मल जोशी, मनोज पालनी, नवीन चंद्र आदि शामिल थे।