कठायतबाड़ा में घर के समीप लगा ट्रांस्फार्मर दे रहा दुर्घटना को दावत
- फोटो : अमर उजाला
द्रोणासागर कठायतबाड़ा में यूपीसीएल की ओर से लगाए गए ट्रांसफार्मर को हटाने के लिए स्थानीय लोगों ने डीएम को ज्ञापन सौंपा है। डीएम को दिए पत्र में रमेश चंद्र लोहनी, नंदन सिंह नेगी आदि ने कहा है कि यूपीसीएल ने पिंडारी सड़क के द्रोणासागर कठायतबाड़ा में जल संस्थान के वाटर फिल्टर और आवासीय भवनों के लिए उनके घर के पास उच्च शक्ति का ट्रांसफार्मर लगाया है।
लोगों का कहना है कि आए दिन ट्रांसफार्मर से चिंगारी उठती रहती है। कई बार ट्रांसफार्मर में कई बार आग भी लग चुकी है। भविष्य में बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है। लोगों का कहना है कि वाटर टंकी के आसपास जल संस्थान की काफी मात्रा में जमीन पड़ी है। खाली पड़ी भूमि में ट्रांसफार्मर शिफ्ट किया जा सकता है।
इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद ट्रांसफार्मर को शिफ्ट नहीं किया गया है। इस बीच इसी स्थान के पास एक और ट्रांसफार्मर लगाने की चर्चा चल रही है। उन्होंने डीएम से ट्रांसफार्मर लगाने से पहले स्थलीय जांच होनी जरूरी है। उन्होंने जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए डीएम से ट्रांसफार्मर को शीघ्र अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए प्रभावी कार्यवाही की मांग की है।