कपकोट के लोनिवि कार्यालय में ज्ञापन देते टैक्सी संचालक। विज्ञप्ति
- फोटो : BAGESHWAR
कपकोट/बागेश्वर। जिले के प्रमुख ट्रैकिंग रूट पिंडारी ग्लेशियर को जाने वाले सौंग-मुनार मोटर मार्ग पर बने गड्ढों ने वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी है। लंबे समय से सड़क के सुधारीकरण की मांग कर रहे टैक्सी चालकों ने लोनिवि कार्यालय में ज्ञापन देकर दो दिन के भीतर गड्ढे भरने की मांग की। चालकों ने तय समय तक समस्या का हल न होने पर चक्काजाम और आंदोलन करने की चेतावनी दी।
सौंग-मुनार मोटर मार्ग से सरयू और पिंडारी घाटी की 20 हजार से अधिक की आबादी आवागमन करती है। लंबे समय से मार्ग बदहाल है। जिसके कारण वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार टैक्सी चालकों ने विभाग से सड़क के सुधारीकरण की मांग की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। नाराज टैक्सी यूनियन के सदस्य बृहस्पतिवार को लोनिवि कार्यालय पहुंचे। चालकों ने विभाग से दो दिन के भीतर सड़क की दशा सुधारने की मांग की। कहा कि अगर गड्ढे भरान का कार्य शुरू नहीं किया गया तो उन्हें मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। वहां पर टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष दयाल सिंह बड़ती, भगवत सिंह, नरेंद्र सिंह, हरीश सिंह, विवेक कोरंगा आदि थे।