बागेश्वर। जिले के छात्र-छात्राओं को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक ने ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि के तहत राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, बागेश्वर में नए भवन और छात्रावास के निर्माण के लिए 42 करोड़ 16 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस स्वीकृति से विद्यालय निर्माण का लंबा इंतजार अब खत्म हो गया है।
विधायक पार्वती दास ने बताया कि जिले में लंबे समय से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के लिए भूमि और भवन निर्माण हेतु शासन स्तर पर प्रयास किया जा रहा था, जो अब सफल हुआ है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी नवोदय विद्यालय के साथ ही विधानसभा क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के लिए भी अनुरक्षण मद में वित्तीय स्वीकृति मिली है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजकीय इंटर कॉलेज रवाईंखाल के वृहद मरम्मत कार्य के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज कौलाग, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटफुलवाड़ी और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमार मजकोट में भी अनुरक्षण कार्य हेतु धनराशि की वित्तीय स्वीकृति मिली है।