आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रशासन ने सरकारी संपत्ति व सार्वजनिक स्थलों पर लगे बैनर-पोस्टरों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। शनिवार को प्रशासन ने नगर में लगे तमाम राजनीतिक दलों के पोस्टर-बैनर हटाए। जिले के कपकोट, कांडा, गरुड़ सहित अन्य स्थानों में भी सरकारी संपत्तियों पर लगाए गए बैनर हटाए जाएंगे।
डीएम मंगेश घिल्डियाल के निर्देश पर शनिवार से पोस्टर-बैनर हटाने का काम शुरू हो गया है। तहसील और नगरपालिका कर्मियों ने बागेश्वर नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए बैनर हटाए। गोमती पुल, बागनाथ मंदिर गेट सहित अन्य स्थलों पर लगे सभी बैनर हटाए गए। एसडीएम सदर एसएस राना ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर बैनर लगाने की अनुमति नहीं होती है। आगामी विधान सभा चुनावों को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। कपकोट, गरुड़, कांडा सहित अन्य सभी स्थलों पर भी सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए होर्डिंग व अन्य प्रचार सामग्री हटाई जाएगी।
प्रशासन ने बाजार से होर्डिंग हटवाए
विधान सभा चुनाव के मद्देनजर तहसील प्रशासन ने गरुड़ बाजार में लगे विभिन्न राजनीतिक दलों और स्वयंसेवी संगठनों के होर्डिंग हटाने का काम शुरू कर दिया है।
तहसीलदार दयाल चंद्र टम्टा के नेतृत्व में राजस्व और रेगुलर पुलिस की टीम ने लोनिवि के कर्मचारियों के सहयोग से गरुड़ बाजार में राजनीतिक दलों की होर्डिंग हटाई। दल में पटवारी दयाल चंद्र मिश्रा, थानाध्यक्ष बैजनाथ एचपी रायपा, जेई लोनिवि वीरेंद्र कुमार आदि थे।