कपकोट में बिजली के कार्यों की जांच को लेकर ब्लॉक प्रमुख को ज्ञापन सौंपते लोग।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। मल्ला दानपुर क्षेत्र के लोगों ने दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत स्वीकृत विद्युतीकरण का कार्य मानक के अनुसार न होने पर नाराजगी जताई है। लोगों ने ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू को सौंपे ज्ञापन में तीन साल बाद भी काम पूरा न होने पर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
खाती के प्रधान कैलाश दानू के कहा है कि तीन साल पहले योजना का काम शुरू हो गया था। केवल दो दिन कार्य किया गया है। चार पोल गाड़े हैं। ढोक्टी के प्रधान राजू दानू ने कहा है कि ठेकेदार ने स्थानीय लोगों से काम करवाकर मजदूरी का भुगतान तक नहीं किया है और कार्य भी अधूरा छोड़ दिया है।
कालों के प्रधान पुष्पा दानू, बदियाकोट के प्रधान सोनू दानू, किलपारा की ग्राम प्रधान हिम्मती दानू, डौला के प्रधान महेश दानू और तीख के प्रधान कुंवर सिंह दानू ने कहा है कि बिजली के पोल मिट्टी में गाड़कर छोड़ दिए गए हैं। ग्राम पंचायत सोराग के उप प्रधान उमराव सिंह दानू ने कहा है कि गांव के लोगों ने नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन फार्म और पैसे जमा किए है लेकिन उन्हें कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं।
कर्मी के रिटायर्ड कैप्टन दरबान सिंह और माधो राम ने कहा है कि यूपीसीएल ने उरेडा की पुरानी लाइन पर नई बिजली लाइन बिछा दी है, जिससे पुराने ताल झूल रहे हैं और ट्रांसफार्मर भी खराब है। ब्लॉक प्रमुख दानू ने मौके से ही यूपीसीएल अधिशासी अभियंता से फोन पर वार्ता कर नाराजगी जताई। उन्होंने योजना कार्य पूरा कराने और कार्य पूरा न होने पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने को कहा है।