मानसिक रोगी के चाकू लेकर महिला का पीछा करने की घटना से नगरवासी भयभीत हैं। तमाम संगठनों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर नगर की सड़कों पर घूम रहे मानसिक रोगियों को मानसिक रोग अस्पताल भेजने की मांग की है।
बता दें कि पिछले सप्ताह एक मानसिक रूप से बीमार युवक ने जिला अस्पताल के पास वाहन चालकों और मरीजों के तीमारदारों के साथ अभद्रता कर दी थी। इसके बाद शनिवार की शाम को दुग बाजार में एक अन्य मानसिक रूप से बीमार नेपाली युवक चाकू लेकर राह चलती महिला पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ा था।
इस घटना से लोग डरे हुए हैं। रविवार को वाल्मीकि संघ के जिलाध्यक्ष संजीव भारती के नेतृत्व में युवकों ने तमाम संगठनों से जुड़े लोगों का हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया। ज्ञापन में लोगों ने कहा है कि पिछले कुछ समय से नगर में कई मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति घूम रहे हैं।
इन मानसिक रोगियों द्वारा राह चलते लोगों पर हमला कर देने की घटना से बाजार में चलने में भी डर महसूस हो रहा है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक भी चिंतित हैं। लोगों ने किसी के साथ अप्रिय घटना न हो इसके लिए हमलावर हो रहे मानसिक रूप से बीमार लोगों को मानसिक रोग अस्पताल भेजने की व्यवस्था करने की मांग की है।