डामरीकरण की जांच करते विधायक भौर्याल।
- फोटो : amar ujala
विधायक बलवंत भौर्याल ने असौं-पांकड ओखलधार रोड में हो रहे डामरीकरण का निरीक्षण किया। इस दौरान डामरीकरण की गुणवत्ता घटिया मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने मामले की जांच होने तक विभाग को कार्य रोकने के निर्देश दिए।
एडीबी की ओर से असौं-पांकड ओखलधार में चार किमी तक डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने विधायक से घटिया डामरीकरण की शिकायत की थी। इस पर विधायक बलवंत भौर्याल ने शनिवार की शाम को डामरीकरण का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्हें भी डामरीकरण की गुणवत्ता घटिया मिली।
इस पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कार्य रोकने के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि निरीक्षण में डामरीकरण की गुणवत्ता बेहद खराब मिली है। विभाग को दोबारा डामर करने के निर्देश दिए गए हैं। कपकोट के एसडीएम को मौके पर जाकर जांच करने के लिए कहा गया है।
डामरीकरण के निरीक्षण के दौरान उनके साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बिक्रम सिंह साही, ब्लाक प्रमुख मनोहर राम, जेष्ठ प्रमुख हरीश साही, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष शेर सिंह बिष्ट, गोपाल सिंह मेहता, तारा सिंह तड़ागी आदि थे।