बागेश्वर के नुमाइशखेत में प्रदर्शन करते सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकार। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। संस्कृति और सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकारों ने लंबित बिलों के भुगतान और जीएसटी माफ करने की मांग को लेेकर नुमाइशखेत मैदान में प्रदर्शन किया। कलाकारों ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द समस्याओं का निदान कराने की मांग की।
मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में लोक कलाकारों ने कहा है कि कोविड महामारी के बाद से कलाकारों को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है। कलाकार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, बावजूद उन्हें संस्कृति विभाग में 2019 से लंबित बिलों का भुगतान नहीं हुुआ है। कहा कि कई बार ज्ञापन देरे के बाद पूर्व में संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने जल्द बिलों के भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक सुध नहीं ली गई है। कलाकारों का कहना है कि वह जीएसटी जमा करते-करते परेशान हो गए हैं। कलाकारों ने अब तक सूचना एवं लोक जनसंपर्क विभाग में ऑडिशन न होने पर भी नाराजगी जताई। कलाकारों ने कहा कि अगर उनकी समस्याओं का जल्द हल नहीं निकला तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर अर्जुन देव, भाष्कर तिवारी, बलदेव प्रसाद आगरी, अजय चंदोला, आरपी कांडपाल, मनोज लोहनी आदि मौजूद रहे।