सेवारत और पूर्व सैनिकों की समस्याओं
का प्राथमिकता के साथ हो समाधान
बागेश्वर। डीएम विनीत कुमार ने सेवारत और पूर्व सैनिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अधिकारियों की बैठक लेते हुए डीएम ने कहा कि सैनिक विपरीत परिस्थितियों में देश की सुरक्षा के लिए अपना योगदान देते हैं। उनकी समस्याओं का समय से निस्तारण होना चाहिए। बैठक में सेवानिवृत्त सैनिक गोविंद सिंह भंडारी ने आवासीय भवन को खतरा बने राज्य सरकार की भूमि पर स्थित सिल्वर ओक के वृक्ष का पातन करने की मांग की। इस पर प्रभागीय वनाधिकारी बीएस शाही ने बताया कि वन विकास निगम पेड़ का पातन कर रहा है। इंद्र सिंह के पुराने सीएमओ कार्यालय मंडलसेरा में पेड़ों को काटने की मांग पर डीएफओ ने बताया कि इस संबंध में छपान का कार्य होना है। एक सप्ताह के अंदर कटान का कार्य किया जाएगा। गुलेर निवासी गंगा सिंह पैत्रिक निवास स्थल में भूमि का मुआवजा देने की मांग की। डीएम ने कपकोट के एसडीएम प्रमोद कुमार और लोनिवि के ईई संजय कुमार पांडेय को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम राकेश चंद्र तिवारी, योगेंद्र सिंह, जयवर्धन शर्मा, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जीएस बिष्ट, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी आरसी तिवारी आदि थे। संवाद