मुख्य विकास अधिकारी एसएसएस जंगपांगी ने बुधवार को नवचेतना स्वयं सहायता समूह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में गर्भवती महिलाओं व शून्य से तीन साल तक के बच्चों को प्रतिमाह वितरित होने वाली टीएचआर सामग्री में कई कमियां मिली। सीडीओ ने बीमारी की आशंका को देखते हुए खाद्य सामग्री को बांटने पर रोक लगा दी।
निरीक्षण में सीडीओ को छुआरे में फफूंद लगी मिली। मिक्स दाल के वजन में भी गड़बड़ी मिली।
500 ग्राम के पैकेट में 470 ग्राम ही वजन पाया गया। गुड़ के कट्टे गले मिले। कमरे में आठ कट्टे आटे के भी मिले। कमरे से दुर्गंध आने पर सीडीओ ने गहरी नाराजगी जताते हुए फटकार लगाकर तत्काल निस्तारण करने को कहा। शौचालय में गंदगी मिलने पर संस्था के अध्यक्ष को तत्काल सफाई करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व सीडीओ ने इंदिरा अम्मा भोजनालय का निरीक्षण भी किया। भोजनालय के बाहर मीनू बोर्ड चस्पा नहीं मिला।
उन्होंने बर्तन धोने वाले स्थान पर सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश कैंटीन संचालक को दिए। आजीविका के बागनाथ स्वयं सहायता समूह को आवंटित दुकान का निरीक्षण भी किया। डेयरी के कमरों के छतों में काफी शीलन, विद्युत बोर्ड में खराबी व काफी लंबे समय से सफेदी नहीं होने पर उन्होंने डीआरडीए के अवर अभियंता को प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संस्थानों का दो दिन में फिर से निरीक्षण करने की बात कही।