न्याय यात्रा लेकर बागेश्वर पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि भविष्य में वह चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि लड़ाकर कांग्रेस को प्रचंड जीत दिलाएंगे। पलायन के कारण प्रदेश के गांव खाली हो रहे हैं। सरकार इसकी रोकथाम में नाकाम साबित हुई है। पलायन की वजह से राज्य की परिकल्पना चौपट हो गई है। बुधवार को वह बागेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होकर बागनाथ मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूर्व सीएम ने नगर में जनसंपर्क कर स्थानीय लोगों से मुलाकात भी की।
बाद में एक निजी होटल में पत्रकार वार्ता में उन्होंने पीओके में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने पर सेना को सैल्यूट किया। कहा कि सरकार पाक पोषित आतंकवाद को समाप्त करने के लिए जो भी कदम उठाएगी, कांग्रेस उसमें साथ देगी। कहा कि जो न्याय यात्रा वह निकाल रहे हैं, वह चलती रहेगी लेकिन उसका स्वरूप बदल दिया है क्योंकि वर्तमान समय राजनीतिक एकजुटता का है।
उन्होंने कहा कि राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों से रोजगार के लिए पलायन हुआ है। जो बाहरी लोग पहाड़ों पर आ रहे हैं, वे भी रोजगार के लिए आ रहे हैं। सरकार को इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। प्रदेश में महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ रही हैं।
चारधाम यात्रा सही से चले, इसके लिए सरकार को कार्य करने और मानसखंड कॉरिडोर में शामिल मंदिरों पर फोकस करने की आवश्यकता है।
इस दौरान पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष गीता रावल, देवेंद्र परिहार, आनंद रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, भरत फर्स्वाण, राजेंद्र टंगड़िया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगत डसीला, बबलू नेगी, गिरीश कोरंगा, लक्ष्मण आर्या आदि मौजूद रहे।