बागेश्वर। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस अब और भी अधिक सशक्त और वैज्ञानिक ढंग से कानूनी कार्रवाई करेगी। एसपी जितेंद्र मेहरा के निर्देश में आयोजित कार्यशाला में विवेचकों को वाणिज्यिक मात्रा वाले मामलों में अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के गुर सिखाए गए।
रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला का नेतृत्व में सीओ अजय साह ने थाना प्रभारियों और विवेचकों को निर्देशित किया कि तस्करी के मामलों में साक्ष्यों का संकलन आधुनिक और वैज्ञानिक विधियों से किया जाए, ताकि न्यायालय में अपराधी को किसी भी तकनीकी खामी का लाभ न मिल सके। ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी श्रद्धा रावत ने एनडीपीएस एक्ट की धाराओं, विशेषकर धारा 50 और जब्ती की कानूनी बारीकियों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने विवेचकों को केस डायरी मजबूत बनाने और निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण आरोप पत्र दाखिल करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला शासकीय अधिवक्ता जीसी उपाध्याय, बसंत बल्लभ पाठक आदि मौजूद रहे। संवाद