बागेश्वर। फायर सीजन के शुरू होते ही पहाड़ के जंगल धधकने लगे हैं। जिला मुख्यालय के ठीक सामने स्थित नीलेश्वर की पहाड़ी शनिवार को भीषण आग की चपेट में रही। देर रात तक पहाड़ी से उठती आग की विकराल लपटें और धुएं के गुबार ने पूरे नगर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
नीलेश्वर के जंगलों में लगी आग इतनी भयावह थी कि जिला मुख्यालय से लपटें साफ दिखाई दे रही थीं। पूरी घाटी धुएं से भर गई, जिससे नगरवासियों को सांस लेने में कठिनाई और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इससे जानवरों के आबादी में धमकने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही स्थानीय लोगों का कहना है कि आग की इस घटना ने फायर सीजन से निपटने के वन विभाग के दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और आग लगाने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वर्जन
सूचना के बाद टीम भेजकर आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगाने वाले अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है, पकड़े जाने पर कार्रवाई की जाएगी। - केवलानंद पांडेय, रेंजर