नरगोली में सुअरों द्वारा खोदे खेत
- फोटो : अमर उजाला
सुअरों ने नरगोली गांव में जबरदस्त आतंक मचा रखा है। सुअरों ने किसानों के फसल बोए खेतों को खोदकर तबाह कर दिया है। भगाने पर वह लोगों को काटने को आ रहे हैं। किसानों द्वारा वन विभाग से सुअरों की समस्या से निजात दिलाने की मांग कई बार की जा चुकी है। लेकिन उनकी आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर ग्रामीणों को इस समस्या निजात दिलाने के लिए प्रभावी कार्यवाही करने की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों के अनुसार नरगोली गांव में सुअरों ने लंबे समय से आतंक मचा रखा है। गांव में नरगोली के अलावा सिमायल, देवलेत और औलानी में काश्तकारों की करीब 2500 नाली उपजाऊ भूमि है। किसानों ने पिछले दिनों खेतों में धान, मडुवा, भट्ट, गहत, सोयाबीन और उड़द बो रखी थी। पौधे बड़े हो ही रहे थे कि सुअरों ने उन्हें बुरी तरह खोदकर बर्बाद कर दिए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शाम होते ही सुअरों के झुंड गांव में धमक जा रहे हैं।
सुअरों के भय से महिलाएं चारा पत्ती के लिए भी जंगल नहीं जा पा रही हैं। बच्चे भी अकेले में स्कूल जाने में डर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग से सुअरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए कई बार मांग कर दी है। लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने डीएम से सुअरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए वन विभाग को निर्देशित करने की मांग की है। मांग करने वालों में पूरन पंत, त्रिलोचन पंत, कैलाश पंत, मुकेश पाठक, केदार रौतेला, जगदीश साहनी, मंगल लोहिया, देब राम, नरेंद्र भौर्याल, भाष्कर पंत, बहादुर राम आदि शामिल हैं।