संबद्धीकरण आदेश को समान रूप से लागू करने की मांग को लेकर डिप्लोमा फार्मेसिस्टों ने सीएमओ कार्यालय में एक दिनी धरना प्रदर्शन किया। फार्मेसिस्टों की सीएमओ से हुई वार्ता का नतीजा कुछ भी नहीं निकलने के कारण उन्होंने अब 16 अगस्त से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का एलान कर दिया है।
बुधवार को फार्मेसिस्ट नारेबाजी करते हुए एसोसिएशन की जिला इकाई के बैनर तले सीएमओ कार्यालय में जमा हुए। वक्ताओं ने कहा कि शासन के संबद्धीकरण आदेश को समान रूप से लागू करने की मांग लंबे समय से चली आ रही है।
उन्होंने इस मामले में सीएमओ डॉ. संजय साह से लंबी वार्ता की लेकिन नतीता सिफर रहा। इसके बाद हुई सभा में तय किया कि इस मांग को मनवाने के लिए अब 19 से 22 अगस्त तक सुबह आठ बजे से 10 बजे तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार, 23 से 28 अगस्त तक आठ से 12 बजे तक चार घंटे तक कार्य बहिष्कार रहेगा।
इस दौरान आम जनहित को देखते हुए आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो 29 अगस्त से पूर्ण कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा। सभा की अध्यक्षता एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पीएस शाही और संचालन सचिव केवलानंद धौनी ने किया।