निर्माणाधीन कपकोट-पोलिंग सड़क से ग्राम पंचायत पोलिंग में दरार पड़ते जा रही है। गांव को जाने वाले मुख्य रास्ते से लेकर प्राइमरी स्कूल तक दरारें पहुंच गई हैं। पैदल रास्ता भी ध्वस्त हो गया है जबकि जनकुड़ी का जलस्रोत भी मलबे में दब चुका है। सड़क में मलबा भरने से आवागमन ठप पड़ा है। ग्राम प्रधान ने शासन प्रशासन से तुरंत सुरक्षा और क्षति की भरपाई करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्राम प्रधान डीआर तिरुवा ने बताया कि कपकोट-पोलिंग-हरसीला सड़क का वुडहिल कंपनी के जरिए इन दिनों चौड़ीकरण का काम जोरों पर है। चौड़ीकरण में लगी जेसीबी से उनके गांव का मुख्य रास्ता दरक गया है। दरारें प्राइमरी स्कूल तक पहुंच गई हैं।
इससे बच्चों और राह चलते लोगों में खतरा उत्पन्न हो गया है। उत्तरौड़ा और पोलिंग गांव के मध्य सड़क पर बड़े बड़े पत्थर गिरने से आवागमन प्रभावित हो गया है। सरयू के ऊपर मंजूर झूला पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। सरयू ग्रामीणों की उपजाऊ भूमि काट रही है।
प्रधान ने कहा कि शासन प्रशासन से समस्याओं के समाधान की कई बार मांग कर दी है लेकिन किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के सहयोग से आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।