बागेश्वर। जिले के दो रेडियोलॉजिस्ट के भरोसे 135572 महिलाओं की जांच का जिम्मा है। जिला अस्पताल और बैजनाथ में ही रेडियोलॉजिस्ट ही तैनात है। वह बारी - बारी जिले के अलग-अलग हिस्सों में जाकर महिलाओं की जांच करते हैं।
लंबे समय से लोग रेडियोलॉजिस्ट को तैनात करने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद नियुक्ति के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
बागेश्वर जिले के जिला अस्पताल और सीएचसी बैजनाथ में रेडियोलॉजिस्ट तैनात हैं। अन्य अस्पतालों में रेडियोलॉजिस्ट का पद स्वीकृत नहीं होने से लोग परेशान हैं। इसके अलावा कपकोट और कांडा सीएचसी में लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है।
जिला अस्पताल में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार सप्ताह में पांच दिन जिला अस्पताल और एक दिन कांडा सीएचसी जाकर महिलाओं के अल्ट्रासाउंड करते हैं। इसके अलावा सीएचसी बैजनाथ में तैनात रेडियोलॉजिस्ट तीन दिन कपकोट और तीन दिन बैजनाथ में महिलाओं का अल्ट्रासाउंड करते हैं। इन चिकित्सकों को सेंटरों में रोस्टर के अनुसार अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहुंचने में काफी दिक्कतें होती हैं। लंबे समय से जिले के लोग जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रेडियोलॉजिस्ट का पद स्वीकृत कर तैनाती करने की मांग कर रहे हैं।