बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर में प्राध्यापकों की कमी दूर करने समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग तेज हो गई है। अभाविप से जुड़े छात्र-छात्राओं ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण को ज्ञापन देकर जल्द समस्याओं का संज्ञान लेने की मांग की। समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी।
छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष कुमार के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. जीवन गढि़या को ज्ञापन देकर बताया कि सभी संकायों में प्राध्यापकों की कमी होने से शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों ने छात्र-छात्राओं को नवीन संस्करण की पुस्तकें उपलब्ध कराने, सभी कक्षों में बिजली और पंखों को ठीक कराने, शौचालयों की बदहाल हालत को बेहतर करने, पेयजल समस्या का निदान करने और खराब पड़े प्यूरीफायर को ठीक करवाने की मांग की।
इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ जोशी, हरेंद्र दानू, कविंद्र रैखोला, योगेश आर्या, शिव पूजन तिवारी, पंकज कुमार, पूजा आदि मौजूद रहे। संवाद