सेना में तैनात बागेश्वर जिले के नेशनल शूटर पंकज कालाकोटी ने 15वीं उत्तराखंड राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर चुके पंकज कालाकोटी का अगला लक्ष्य भारतीय टीम में वापसी कर ओलंपिक गेम्स में देश के लिए मेडल जीतना है।
बागेश्वर जनपद के ककड़ात गांव निवासी पंकज कालाकोटी टू नागा बटालियन में तैनात हैं। अगस्त माह में देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता में उत्तराखंड राज्य राइफल संस्थान की ओर से भाग लेकर उन्होंने 300 में से 265 अंक हासिल कर रजत पदक प्राप्त किया। इस पदक के बाद पंकज खासे उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि किन्हीं कारणों से वर्ष 2011 में उनका अभ्यास बंद हो गया था।
परंतु जनवरी 2016 से उन्होंने फिर से निशानेबाजी में वापसी की है। इसके लिए उन्होंने कर्नल निशांत चंदेल का विशेष रूप से आभार जताया। विभिन्न शूटिंग प्रतियोगिताओं में पंकज कालाकोटी के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। उनके इस प्रदर्शन से उनके गृह जनपद में भी खुशी है। पंकज का कहना है कि उनका अगला लक्ष्य कड़ी मेहनत कर ओलंपिक गेम्स में भाग लेकर देश के लिए पदक लाना है।