गरुड़ (बागेश्वर)। नगर के देवनाई से पांडेखरक को जोड़ने वाली सड़क की दशा अब जल्द सुधरने वाली है। लोनिवि की ओर से 30 लाख रुपये की लागत से सड़क के किमी चार में सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा।
देवनाई से पांडेखरक, खडरिया और जिजोली गांवो से कौसानी सड़क को जोड़ने वाले मोटरमार्ग के किमी चार में डामरीकरण नहीं हुआ है। इससे सड़क पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कच्ची सड़क होने से भारी वाहन चालक इस मार्ग का प्रयोग करने से बचते हैं जिससे गरुड़ बाजार में कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
अब लोनिवि ने जिला योजना से सड़क के सुधारीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत सुरक्षा दीवार, नाली और कलमठों का निर्माण कराया जाएगा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सड़क पर डामरीकरण किया जाएगा।
लोनिवि के एई गोविंद नाथ ने बताया कि सड़क के सुधारीकरण के लिए निविदा आमंत्रित कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।