बागेश्वर। शराब की दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी मणिकांत मिश्रा ने ओवररेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए अभियान छेड़ दिया है। पुलिस ने ओवररेटिंग पर बागेश्वर की शराब की दुकान के सेल्समैन और अनुज्ञापी के खिलाफ धोखाधड़ी और आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी के निर्देश के क्रम में ओवररेटिंग के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आबकारी अधिकारी गोविंद सिंह मेहता और पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम शराब की दुकान की संयुक्त जांच की। अनियमितता पाए जाने पर सेल्समैन सुंदर सिंह गढ़िया निवासी पोथिंग (कपकोट) और शराब की दुकान के अनुज्ञापी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 64/68 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया। एसपी ने कहा कि शराब की दुकानों से ओवररेट पर शराब बेचने की शिकायतें मिल रही हैं। अधिक रेट पर शराब बेचने पर दुकान के संचालकों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से दुकान के संचालकों, सेल्समैनों में हड़कंप मचा है।