वन रैंक वन पेंशन की मांग को लेकर पूर्व सैनिकों ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट में काफी धरना देने के बाद डीएम के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजा।
यहां सभा में पूर्व सैनिकों ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर निर्णायक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कहा कि वन रैंक, वन पेंशन हर हाल में लेकर रहेंगे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्व सैनिक लीग और अन्य संगठनों के बैनर तले पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। यहां से जुलूस लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे और दो घंटे धरना दिया।
यहां हुई सभा में पूर्व सैनिकों ने वन रैंक वन पेंशन देने की पुरजोर मांग उठाई। उन्होंने कहा केंद्र सरकार के सम्मुुख कई बार यह मांग उठाई गई। इसके लिए बार-बार आश्वासन मिले। चुनाव के वक्त राजनीतिक दलों ने इसका भरोसा दिलाया, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई सार्थक पहल नहीं हुई है।
हर बार कोरे आश्वासनों से मामले को टाला जा रहा है। देश की सुरक्षा के लिए सर्वस्व लगाने वाले पूर्व सैनिकों की उपेक्षा सहन नहीं की जाएगी। बैठक में कहा गया कि संगठनों के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आगे के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। इसके लिए सभी से सहयोग का आह्वान किया गया।
सभा और धरने के बाद डीएम भूपाल सिंह मनराल के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजा गया। इस कार्यक्रम में पूर्व सैनिक लीग के जिलाध्यक्ष रुद्र सिंह कनवाल, उपाध्यक्ष चंचल सिंह नगरकोटी, खड़क सिंह चौहान, कमल बहादुर आले, भूपाल सिंह गढ़िया, रघुवर सिंह माजिला, ईश्वरी प्रसाद टम्टा, राम गिरि गोस्वामी, कुंदन सिंह ऐंठानी, दीवान सिंह अस्वाल, विशन सिंह ठठौला, केशर सिंह कनवाल, नंदन सिंह, हीरा प्रकाश नगरकोटी, हिम्मत राम, राजेंद्र सिंह नगरकोटी आदि शामिल थे।