चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक एनएस क्वीरियाल ने बृहस्पतिवार को बागेश्वर में डीएम, सीडीओ के साथ बैठक क?
- फोटो : BAGESHWAR
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने एनएस क्वीरियाल को बागेश्वर और गरुड़ ब्लॉक का प्रेक्षक बनाया है। प्रेक्षक क्वीरियाल ने बृहस्पतिवार को डीएम रंजना राजगुरु से मुलाकात कर मतदान की तैयारियों का जायजा लिया। उसके बाद प्रेक्षक ने अधिकारियों के साथ डिग्री कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सीडीओ एसएसएस पांगती ने प्रेक्षक को बताया कि तीनों ब्लॉक के मतगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। कुल मतदाताओं की संख्या 71059 है, जिनमें महिला मतदाता 34837 और पुरुष मतदाता 36222 हैं। 185 मतदान स्थलों को पांच जोन, 21 सेक्टरों में बांटा गया है।
गरुड़ में 28332 महिला, 28969 पुरुषों समेत कुल मतदाताओं की संख्या 57301 है। गरुड़ में 105 मतदान केंद्रों पर 123 बूथ हैं, जिन्हें दो जोन, 12 सेक्टरों में बांटा गया है। प्रेक्षक ने सभी बूथों पर बिजली, पानी की उपलब्धता समेत यातायात सुविधा भी बहाल रखने को कहा। मतदान के बाद मतपेटी को जमा करने समय पीठासीन अधिकारी डायरी का मिलान भी अवश्य करें।
इस अवसर पर एडीएम/नोडल अधिकारी कार्मिक राहुल कुमार गोयल, डीडीओ/रिटर्निंग अधिकारी जिला पंचायत केएन तिवारी, एसडीएम/नोडल अधिकारी आदर्श चुनाव आचार संहिता राकेश चंद्र तिवारी, कपकोट प्रमोद कुमार, रिटर्निंग अधिकारी बागेष्वर नरेंद्र कुमार, गरुड़ डॉ. पंकज पंत, कपकोट संजय पांडे, नोडल अधिकारी प्रशिक्षण डॉ. उदय शंकर, लेखन सामग्री प्रभारी शिल्पी पंत, खानपान प्रभारी डीएसओ अरुण कुमार वर्मा आदि रहे।