नगर से लगे ग्राम पंचायत कठायतबाड़ा में नाले में भरे कूड़े का अंबार अभी हटा ही नहीं है। वहीं एतिहासिक नुमाईशखेत मैदान की स्थिति भी बदतर है। यहां भी मैदान में बिखरे कूड़े से हर कोई परेशान है और संक्रमित बीमारियों के फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
आसपास के लोगों ने नगर पालिका परिषद से कूड़ा शीघ्र हटवाने की मांग की है। धमकी दी है कि जल्द ही कूड़ा न हटाया गया तो नगर पालिका परिषद का घेराव किया जाएगा।
मालूम हो कि एतिहासिक नुमाईशखेत मैदान में आए दिन विवाह समारोह और अन्य कार्यक्रम होते रहते हैं। इस दौरान वहां गंदगी बढ़ जाती है। इसी मैदान से होकर नुमाईशखेत, चौरासि और नई बस्ती के लोग अपने घरों को आते-जाते हैं, जबकि मैदान से जीजीआईसी, नेशनल मिशन इंटर कालेज और सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल के बच्चे भी गुजरते हैं।
इसी मैदान पर खेल प्रतियोगिताएं भी होती हैं। लेकिन मैदान में बिखरे कूड़े से हर कोई परेशान हैं और सुनने वाला कोई नहीं है। बैणीमाधव और भीलेश्वर के लोगों ने नगर पालिका परिषद को पत्र देकर मैदान की शीघ्र सफाई कराने की मांग की है। मांग करने वालों में जीवन चंद्र कांडपाल, चंद्रशेखर कांडपाल, राजेंद्र कांडपाल, गोकुल जोशी कुंदन सिंह आदि शामिल हैं।
मैदान की नियमित सफाई करने के लिए पर्यावरण मित्रों को निर्देश पहले से ही दिए गए हैं। मैदान में सीजन में विवाह समारोह होते रहते हैं। इस कारण कभी कभार सफाई व्यवस्था चरमरा जाती है। सफाई नायक को मौके पर भेजकर मैदान की शीघ्र सफाई करवाई जाएगी।
गीता रावल, नगर पालिका अध्यक्ष, बागेश्वर।