बागेश्वर कलक्ट्रेट में खनन का विरोध करते गुलम के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कपकोट ब्लॉक के आगर जमिलखार पट्टी क्षेत्र में खड़िया खनन हो रहा है। ग्रामसभा गुलम परगड़ के ग्रामीणों ने इसमें मानकों की अनदेखी का आरोप लगा विरोध, प्रदर्शन किया। नियमों का पालन न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी।
सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने खनन रोकने के लिए नारेबाजी की। इन लोगों का आरोप था कि आगर जमिलखार पट्टी क्षेत्र में मनमाने तरीके से खड़िया खनन किया जा रहा है। डीएम विनीत कुमार को ज्ञापन सौंपा। बताया कि खड़िया खनन में मानकों का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। कहा कि खनन से कृषि भूमि को क्षति पहुंचाई जा रही है। आवासीय मकानों के लिए खतरा हो रहा है। खनन से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। कई बार लोगों केे पीने तक के लिए पानी नहीं मिल पाता है। कहा कि खेतों का मुआवजा अनुबंध के आधार पर नहीं दिया जा रहा है। खनन से बने गड्ढों को नहीं भरा जा रहा है, जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ रहा है। संबंधित पक्षों को कई बार समस्या बताने के बाद भी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से आरोपों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में दिनेश सिंह पपोला, बिशन सिंह पपोला, जगत सिंह, पवन सिंह, दिनेश सिंह, जगत सिंह, दरवान सिंह आदि थे।