कांडा तहसील के बजीना गांव के समीप मंगलवार को चीड़ का एक पेड़ बिजली की मेन लाइन पर गिर गया। इससे क्षेत्र के 35 गांवों में 11 घंटे तक अंधेरा पसरा रहा है। उधर कांडाधार में लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण वहा 50 घरों में अंधेरा पसरा रहा। कड़ी मशक्कत के बाद बिजलीकर्मियों ने आपूर्ति सुचारु की।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडे ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े 11 बजे कांडा तहसील के बजीना गांव में बिजली के मेन लाइन में चीड़ का पेड़ उखड़ कर गिर गया, तारों के टूटने से क्षेत्र के 35 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई है।
बिजलीकर्मियों की भारी मशक्कत से आपूर्ति रात साढ़े दस बजे सुचारु हो सकी। बताया कि कांडाधार में लगे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे क्षेत्र के 50 परिवारों की आपूर्ति प्रभावित रही। ट्रांसफार्मर ठीक होने के साथ ही वहां भी आपूर्ति सुचारु हो चुकी है।