बागेश्वर। दुगनाकुरी तहसील के सनेती में आयोजित प्रसिद्ध नंदा सुनंदा मेला मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हुआ। चार दिवसीय मेले के अंतिम दो दिन लोक संस्कृति के नाम रही। क्षेत्रवासियों ने झोड़ा-चांचरी की महफिल सजाई तो प्रसिद्ध लोक गायकों ने मंच से सुरों का जादू बिखेरा। सांस्कृतिक दलों के नृत्य कलाकारों ने अपने कला से लोगों का मन मोहा।
सनेती मेले में बृहस्पतिवार की रात का मुख्य आकर्षण आर (आरतियां) रहीं। मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और मां नंदा सुनंदा को भोग लगाया। देव डांगरों ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद भी दिया। क्षेत्र के गांवों से आए झोड़ा और चांचरी गायकाें ने मैदान के एक छोर पर महफिल सजाई।
हुड़के की थाप पर खोल दे माता खोल भवानी धरम किवाड़ा, गोविंदी त्यर मैत को जोगि ऐ रौ छौ समेत कई झोड़ा और चांचरी गायन किया। मंच से प्रसिद्ध लोग गायक दर्शन सिंह फर्स्वाण ने अपना भजन हे नंदा हे गौरा, कैलााशों की यात्रा समेत कई गीत प्रस्तुत किए। लोक गायिका माया उपाध्याय ने लौंडा मोहना..., हाई काकड़ी झिल मा... आदि गीत प्रस्तुत किए। अंकित कुमार ने अपने नृत्य से मंत्रमुग्ध कर दिया।
दिन के कार्यक्रम में गायक दंपती ने झुमाया
शुक्रवार सुबह मंदिर में हवन-यज्ञ का आयोजन हुआ। सांस्कृतिक मंच से दोपहर बाद तक रंगारंग कार्यक्रम चलते रहे। लोक गायक गोविंद दिगारी और खुशी जोशी ने अपने गीतों से दर्शकों का मनोरंजन किया। खुशी के गीतों पर दर्शक पंडाल में जमकर झूमते रहे। इस दौरान दंपती ने वेदू की इजा..., भौजी.., सौल्या-सौलानी समेत तमाम गीत सुनाकर कार्यक्रम में चार चांद लगाए।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश गढि़या, जिपं अध्यक्ष शोभा देवी, ब्लॉक प्रमुख भावना शाही, पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी, डीएम आशीष भटगांई, एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के, मेला कमेटी अध्यक्ष रमेश सिंह बाफिला, कुंदन सिंह रैखोला, धन सिंह बाफिला, योगेश सिंह हरड़िया, उमेश जोशी आदि मौजूद थे।
विधायक, जिपं अध्यक्ष ने की घोषणाएं
विधायक सुरेश गढि़या ने मेले में मंच निर्माण और अन्य कार्य के लिए पांच लाख रुपये, जिपं अध्यक्ष शोभा देवी ने दो लाख रुपये और ब्लॉक प्रमुख शाही ने दस हजार रुपये देने की घोषणा की। विधायक गढि़या ने इंका सनेती के विकास के लिए विधायक निधि से पांच और अन्य निधियों से 35 लाख रुपये देने की घोषणा की। बताया कि जारती और बैकोड़ी सड़कों के लिए 15 करोड़ स्वीकृत हो चुके हैं।
मेलार्थियों के उत्साह भारी पड़ा जाम, लोक कलाकारों ने भी झेली अव्यवस्थाओं की मार
बागेश्वर। दुग नाकुरी क्षेत्र के सबसे बड़े मेले नंदा सुनंदा महोत्सव में जाम ने लोगों के उत्साह में खलल पैदा की। दिन भर उडियार से लेकर किड़ई तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। आलम यह था जब मंच से कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए पहुंचे लोक कलाकार खुशी जोशी और गोविंद दिगारी को आमंत्रित किया तो पता चला कि कलाकार जाम में फंसे हुए हैं। मेले में आने वाले लोक कलाकार भी घंटों तक जाम में फंसे रहे। इसके बाद मंच से उद्घोषक ने पुलिस से जाम फंसे कलाकारों को मंच में लाने की गुहार लगाई जिसके बाद किसी तरह से कलाकारों को मंच तक पहुंचाया गया। अंत में जिला मुख्यालय की ओर आने वाले वाहनों को स्यांकोट-कमेड़ीदेवी मार्ग से डायवर्ट कर भेजने के बाद जाम से राहत मिली।