बागेश्वर/कांडा। कांडा तहसील के एक गांव में गर्भवती की संदिग्ध मौत और उसके दफनाने की खबर के बाद हरकत में आई पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। इधर, जिला अस्पताल के दो डॉक्टरों के पैनल ने किशोरी का पोस्टमार्टम किया। अब पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह का पता चलने के बाद ही पुलिस आगे का कदम उठाएगी।
मंगलवार रात कांडा तहसील निवासी किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने उसका शव दफना दिया था। पुलिस के अनुसार किशोरी गर्भवती थी। एसपी रचिता जुयाल के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने इसकी पड़ताल कराई थी। बृहस्पतिवार को डीएम के आदेश के बाद किशोरी का शव गड्ढे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया था। शुक्रवार को दो डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। कांडा के थानाध्यक्ष प्रह्लाद सिंह प्रकरण की जांच कर रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शुक्रवार को फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस मामले में अगला कदम उठाया जाएगा।
मामले में कुछ पुख्ता सुबूत हाथ लगे हैं। किशोरी की मौत का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जरूरत पड़ी तो डीएनए जांच भी कराई जाएगी। इस मामले का पूरी तरह पर्दाफाश किया जाएगा।
- रचिता जुयाल, पुलिस अधीक्षक, बागेश्वर।