बागेश्वर। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना (एमएसवाई) के तहत 40 लोगों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लिए 1.18 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया है। स्वरोजगार के लिए 55 लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।
विकास भवन सभागार में शनिवार को जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी ने एमएसवाई के आवेदकों का साक्षात्कार लिया। आवेदकों ने बकरी पालन, पोल्ट्री फार्म, रेस्टोरेंट, डेयरी, रेडीमेड गारमेंट्स, जनरल स्टोर, खच्चर पालन के लिए ऋण मांगा था।
डीएम विनीत कुमार ने कहा कि कोरोना के कारण जिले में लौटे प्रवासियों समेत अन्य बेरोजगार युवाओं को व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंकों से ऋण दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना से बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
पहाड़ से हो रहे पलायन को भी रोका जा सकेगा। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों से कहा कि स्वरोजगार शुरू करने के लिए मिले आवेदन पत्रों पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर ऋण उपलब्ध करवाएं।
बताया कि एमएसवाई के तहत बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जिले को 200 का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष 75 आवेदनपत्र ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों को भेजे गए हैं।
14 आवेदन पत्रों को स्वीकृत कर 13 लोगों को रोजगार शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। साक्षात्कार के दौरान सीडीओ डीडी पंत, जीएम उद्योग जीपी दुर्गापाल, लीड बैंक अधिकारी एनआर जौहरी, ग्रामोद्योग अधिकारी केएस कर्म्याल, सीवीओ डॉ. उदय शंकर आदि थे।