गरुड़ (बागेश्वर)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा का स्वागत किया। सांसद ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र के 11 राज्यों के विकास के पृथक से ठोस नीति जरूरी है। वह इसके लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
सांसद टम्टा ने कहा कि नापखेतों में खड़िया खोदने के वह कतई पक्षधर नहीं हैं, क्योंकि पहाड़ में इसी कारण कृषि भूमि घट रही है। बताया कि उन्होंने लोकसभा में हिमालय विकास नीति बनाने की पहल की थी। अब राज्यसभा में भी कोशिश की जाएगी, जबकि केंद्र सरकार ने हिमालयी नीति बनाने के बजाय वहां की कई निर्वाचित सरकारों को गिराकर उन राज्यों में राष्ट्रपति शासन थोपने का दुस्साहस किया।
दावा किया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ आएगी। बुजुर्ग एनडी तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने दलित वर्ग के साधारण व्यक्ति को राज्यसभा सदस्य बनाकर गरीब, दलित वर्ग का दिल जीता है। एडवोकेट जगदीश आर्या ने संचालन किया। इस दौरान पूर्व दर्जामंत्री गोपाल दत्त भट्ट, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत डंसीला, संजय फर्स्वाण, नरेंद्र कुमार आर्या, गोपाल सिंह नेगी, सुनील पांडे, कैलाश बोरा, बसंत नेगी, डॉ. जुनैद, दयाल बिष्ट, एनडी तिवारी, नरेंद्र परिहार, लक्की वर्मा, चंदन बरोलिया आदि थे।
बागेश्वर। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र खरई पट्टी पहुंचने पर प्रदीप टम्टा का जोरदार स्वागत हुआ। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनते हुए सिमस्यारी गांव के लिए मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत मोटर मार्ग बनावाने की घोषणा की।
सांसद टम्टा बुधवार सुबह बागेश्वर पहुंचे। यहां पर बागनाथ मंदिर में पूजा के बाद वह अपने गृहक्षेत्र खरई पट्टी पहुंचे। जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने ग्राम पंचायत सिमस्यार का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं।
प्राइमरी स्कूल सिमस्यार में आयोजित समारोह में उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। सड़क निर्माण की मांग पर उन्होंने जिला पंचायत से मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत मोटर मार्ग बनाने की बात कही।
खरई पट्टी के लोगों ने सांसद को पेयजल की समस्या बताई। सज्जन लाल टम्टा ने संचालन किया। क्षेत्र भ्रमण में सांसद के साथ कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व मंत्री रामप्रसाद टम्टा, वन पंचायत सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह टंगड़िया, ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल, नगरपालिका अध्यक्ष गीता रावल, कनिष्ठ उपप्रमुख सुनीता टम्टा थे।