सरयू मोटर पुल से एक अज्ञात युवक नदी में कूद गया। ऊफनाई नदी में युवक की काफी देर तक खोजबीन की गई परंतु कोई पता नहीं चल सका। हालांकि घटना के कुछ देर बाद लोगों ने पुलिस को युवक के नदी से तैरकर सकुशल निकलने सूचना दी है। युवक अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाया है।
मंगलवार की शाम को लगभग छह बजे एक युवक सरयू मोटर पुल के नीचे लटक गया। युवक ने नीले रंग की टीशर्ट व काली जींस पेंट पहनी थी। युवक को पुल से नीचे लटकता देख आसपास लोगों में हड़कंप मच गया। झूला पुल व आसपास मौजूद लोगों ने उसे सावधानी से ऊपर चढ़ने को कहा। परंतु गार्डर से लटका युवक देखते ही देखते नदी में गिरने के बाद नजरों से ओझल हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड के जवानों ने नदी में बिलौना तक ढूंढ़खोज की परंतु सरयू नदी के ऊफान पर होने से युवक का कोई पता नहीं चल सका।
इधर घटना के एक घंटे बाद कुछ लोगों ने बागेश्वर कोतवाली पुलिस को युवक के नदी से तैरकर सकुशल बाहर निकलकर कांडा रूट की ओर जाने की सूचना दी। युवक को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम भेजी गई। इस सूचना के बाद नदी में खोज अभियान चलाने वाले जवान भी लौट आए। देर शाम तक युवक पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाया है।