बागेश्वर। सीएम पुष्कर सिंह धामी आगामी नौ अक्तूबर को विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ करने आ रहे हैं लेकिन जिस मंडलसेरा मार्ग से होकर सीएम का काफिला गुजरेगा उसकी जमीनी हकीकत दयनीय है। भुल्यूड़ा तिराहे से लेकर विवेकानंद विद्या मंदिर तक करीब दो किलोमीटर लंबी यह मुख्य सड़क गड्ढों और पत्थरों के बीच किसी नाले में तब्दील नजर आ रही है।
बरसात के दिनों में उफान पर आए कुंती नाले के तेज बहाव ने इस सड़क का डामर पूरी तरह उखाड़ फेंका था। सड़क पर केवल रोखड़, मलबा और गहरे गड्ढे ही बचे हैं। महीनों से इस बदहाल सड़क से गुजरते हुए स्कूली बच्चे, मरीज और स्थानीय जनता धूल खाती रही और हिचकोले सहते रही लेकिन जिम्मेदार महकमे के कान पर जूं तक नहीं रेंगी।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि जब तक आम जनता गड्ढों में गिरकर चोटिल होती रही, तब तक शासन-प्रशासन मौन साधे रहा। अब सीएम के दौरे को देखते हुए जो लीपापोती की जाएगी, वह पहली ही बारिश या भारी वाहनों के दबाव में फिर उखड़ जाएगी।
मंडलसेरा में भुल्यूड़ा तिराहे से विवेकानंद विद्या मंदिर तक सड़क पर सिंचाई विभाग की ओर से नाली निर्माण का कार्य किया जा रहा है। नाली निर्माण का कार्य पूरा होने के बाद सड़क के सुधारीकरण का कार्य किया जाएगा। वर्तमान में राज्य स्तर का कार्यक्रम है जिसके लिए सीएम भी पहुंच रहे हैं। तब सड़क को ठीक किया जा रहा है। -राजकमल टम्टा, एई, लोनिवि, बागेश्वर