गरुड़ (बागेश्वर)। घाटी वाले इलाकों और पहाड़ी क्षेत्रों में बने खराब मौसम का सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है। सोमवार को गरुड़ तहसील क्षेत्र स्थित मेलाडूंगरी हेलीपैड पर मौसम की खराबी के कारण हेली सेवाओं का संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। देहरादून और हल्द्वानी से निर्धारित उड़ानें समय पर न पहुंच पाने के कारण दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सामान्य दिनों में मेलाडूंगरी हेलीपैड से देहरादून और हल्द्वानी मार्ग के लिए प्रतिदिन दो-दो नियमित हेली सेवाओं का सफल संचालन किया जाता है। लेकिन सोमवार को आसमान में छाये बादलों और कम दृश्यता के कारण हेली सेवाएं पटरी से उतर गईं। पूरे दिन में देहरादून से केवल एक और हल्द्वानी से भी मात्र एक ही उड़ान मेलाडूंगरी पहुंच सकी। नियमित उड़ानों के रद्द होने और सेवाओं के अनिश्चित होने से हेलीपैड पर सुबह से ही यात्रियों का जमावड़ा लगा रहा। आपातकालीन चिकित्सा, आवश्यक कार्यों और समय पर गंतव्य तक पहुंचने के उद्देश्य से पहुंचे कई यात्रियों को घंटों इंतजार के बाद निराश होकर लौटना पड़ा। मजबूरन कई यात्रियों को महंगे दामों पर टैक्सी कर सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा।