कपकोट/बागेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत बागेश्वर डिग्री कॉलेज और कपकोट ब्लॉक परिसर में मतगणना शुरू होते ही गणना स्थल से बाहर लोगों की भीड़ उमड़ आई। जिसके चलते कपकोट-बागेश्वर रोड पर कई बार यातायात बाधित हो गया।
बागेश्वर डिग्री कॉलेज में शुरू होते ही बड़ी संख्या में प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों के समर्थक गणना स्थल से बाहर पहुंच गए। कॉलेज गेट के पास भारी संख्या में लोग अपने प्रत्याशी की जीत के लिए प्रार्थना करते दिखे।
लोग बार-बार लाउडस्पीकर की ओर कान लगाकर अपने उम्मीदवार का नाम सुनने को बेताब रहे। युवाओं के साथ बड़ी संख्या में बुजुर्ग भी जीत का जश्न मनाने मौके पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक बागेश्वर ब्लॉक के 65 ग्राम प्रधान, 11 बीडीसी और एक जिला पंचायत सदस्य का परिणाम घोषित हो चुका था।
मतगणना स्थल पर हावी रहीं अव्यवस्थाएं
कपकोट/बागेश्वर। बागेश्वर में मतगणना स्थल अव्यवस्थाएं हावी रही। यहां 100 से अधिक मतगणना कर्मचारी तैनात थे। इसके बावजूद मीडिया सेंटर में सूचना देने की कोई व्यवस्था नहीं थी। खाने के पंडाल पर भी एकमात्र काउंटर से खाना बांटा जा रहा है। जिसके चलते कई लोगों लंबा इंतजार करने के बाद भी खाना नहीं मिल पाया। गणना स्थल पर एक कर्मचारी ने मीडिया कर्मियों तक से अभद्रता की।
घर बैठे जीत गईं कई महिलाएं
कपकोट/बागेश्वर। पंचायत चुनाव में महिलाओं के लिए आधी सीटें आरक्षित हैं। कुछ सामान्य सीटों पर भी महिलाओं ने दमदार दावेदारी की। लेकिन कई महिला प्रत्याशी घर बैठे जीत गईं। उनके चुनाव प्रचार की कमान उनके पतियों ने संभाली हुई थी। कई ने घर बैठे ही चुनाव जीतने की बात भी स्वीकारी।
चुनाव जीता पत्नी ने, माला पति के गले में
कपकोट/ बागेश्वर। कुछ महिला प्रत्याशी मतणना स्थल पर पहुंचने के बाद विजयी घोषित हुई। इसके बाद भी माला उनके बजाय उनके पति के गले दिखाई दे रही थी। कुछ दावेदार हारने के बावजूद जीते प्रत्याशी के साथ ही गांव लौटे। ज्यादातर अपनी हार तय होते ही मतगणना स्थल से निकल लिए।