बागेश्वर। राजकीय हाईस्कूल लीती में शिक्षकों के कई पद खाली हैं। इससे बच्चों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। नाराज अभिभावकों ने शीघ्र महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षकों की तैनाती न होने पर आगामी विधानसभा चुुनावों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। मुख्य शिक्षा अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में पीटीए और विद्यालय प्रबंधन समिति ने कहा है कि लीती हाईस्कूल में गणित, विज्ञान, कला के शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली हैं। इन महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षक न होने से पठन-पाठन नहीं हो पाता है।
शिक्षकों की कमी के कारण छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। अभिभावकों ने पीटीआई का पद खाली होने पर भी नाराजगी जताई है। पीटीए, विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस सत्र में सभी विषयों में शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई तो सभी ग्रामीण विधानसभा चुनावों का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में पीटीए अध्यक्ष श्याम सिंह, एसएमसी अध्यक्ष कुंदन सिंह, सचिव सूप सिंह, चंदन सिंह, जगदीश सिंह आदि ग्रामीण शामिल थे।